लखीमपुर खीरी। छोटी दिवाली के दिन भी बाजार में खासी रौनक रही, भगवान गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों के अलावा, मिट्टी के दिये, खील-खिलौनों की जमकर बिक्री हुई। बर्तन और सर्राफे की दुकानों पर सन्नाटा रहा तो मिठाई और गिफ्ट पैक की दुकानों पर खासी भीड़ रही। दिवाली पर एक दूसरे को उपहार देने की परंपरा के चलते बाजार में गिफ्ट पैक की खूब बिक्री हुई।
खूब बिके ड्राईफ्रूट और चाकलेट के गिफ्ट पैक
दिवाली पर उपहार के आदान-प्रदान के लिए लोगों ने मिठाइयों के गिफ्ट पैक खरीदे, इससे सुबह से ही दुकानों पर भारी भीड़ रही। इसके अलावा चॉकलेट और ड्राई फ्रूट के आकर्षक गिफ्ट पैक भी बाजार में खूब बिके। मिठाई जल्दी खराब होने की आशंका के चलते ड्राई फ्रूट और चाकलेट आदि के गिफ्ट पैक की ज्यादा मांग रही। बाजार में ड्राई फ्रूट और चॉकलेट की गिफ्ट पैकिंग 150 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक बिकीं।
पटाखों की दुकानों पर रही भारी भीड़
पटाखों की दुकानों पर बुधवार को सुबह से ही भारी भीड़ रही। आतिशबाजी की दुकानें राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में सजी हैं। पूरे दिन यहां ग्राहकों की भीड़ रही। पटाखों की खरीदारी में बच्चे खासे उत्साहित दिखे। इस बार लोग चीनी पटाखों से परहेज करते दिखे। ब्रांडेड आइटम की बिक्री ज्यादा हुई।
अलाय-बलाय का भी सजा बाजार
दिवाली के दिन घर की अलाय-बलाय भगाने के लिए शहर में कई जगह अलाय-बलाय का बाजार भी सजा। शहर के प्रमुख चौराहों पर लोग जूट की सिरकी से बने अलाय-बलाय बेचते नजर आए तो खरीदार उसे खरीदते नजर आए।
दिवाली से पहले ही रोशनी से जगमगाया शहर
दिवाली से पहले ही पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा है। रंग-बिरंगी बिजली की झालरों की रोशनी से शहर और बाजार रोशन हो उठा। लोगों में घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने, संवारने और रोशनी करने की होड़ दिखी।