पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा। दूसरे चरण में जिले के चार ब्लाकों बांकेगंज, बिजुआ, कुंभी और फूलबेंहड़ में वोट डाले गए। सुबह सात बजे से मतदान खत्म होने तक करीब 71.5 फीसदी मतदान हुआ। सुबह सात बजे से मतदान की गति तेज रही। सुबह नौ बजे तक 13 फीसदी मतदान हो चुका था। नौ बजे के बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ ली। सुबह 11 बजे तक 31.5, दोपहर एक बजे तक 47.0 और तीन बजे तक कुल 60.00 फीसदी मतदान हुआ था। मतदान समाप्ति तक कुल 71.5 मतदान हो सका। जिला और ब्लाक स्तर की सरकार चुनने के लिए मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
दूसरे चरण में जिला पंचायत की 18 सीटों के लिए 316 उम्मीदवारों के अलावा क्षेत्र पंचायत की 472 सीटो के लिए 2006 प्रत्याशियों के भाग्य का फै सला करने के लिए लिए मंगलवार को मतदान हुआ। पहले चरण के चार ब्लाकों में कुल 367 मतदान केंद्र और 970 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। डीएम किंजल सिंह और एसपी अखिलेश चौरसिया के अलावा चुनाव आयोग के प्रेक्षक अनिल कुमार लगातार चारों ब्लाकों में भ्रमण कर मतदान का जायजा लेते रहे। कहीं से किसी विवाद की सूचना नहीं मिली है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी के चलते डाल नहीं पाए वोट
दूसरे चरण में भी मतदाता सूची में गड़बड़ी के चलते तमाम लोग वोट डालने से वंचित रह गए। कई मतदाता जब वोट डालने पहुंचे तो पता चला कि उनका वोट पहले ही पड़ चुका है। तमाम मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम तलाशते दिखे। मतदान को लेकर युवाओं से लेकर वृद्धों तक में भारी उत्साह देखा गया। पोलिंग बूथों पर महिलाओं की भी लंबी-लंबी कतारें लगी देखी गईं। महिलाएं लंबी दूरी तय कर वोट डालने पहुंची।
दूसरे क्षेत्र के बैलेट पर तीन बजे तक पड़ते रहे वोट
बांकेगंज ब्लाक के पसियापुर पोलिंग बूथ पर क्षेत्र पंचायत का बैलट पेपर दूसरे क्षेत्र का पहुंच गया। तीन बजे तक वोट भी पड़ते रहे। हुआ यूं कि ब्लाक बांकेगंज के पसियापुर के पोलिंग बूथ संख्या 71 और 72 पर अलग-अलग वार्डों के क्षेत्र पंचायत सदस्यों के वोट पड़ने थे। गलती से दोनों बूथों पर एक ही वार्ड के बैलेट पेपर पहुंच गए। इसमें बूथ नंबर 72 पर तो सही वोट पड़े लेकिन 71 नंबर के बूथ पर दूसरे क्षेत्र पंचायत वार्ड के बैलेट पर वोट पड़ गए। करीब तीन बजे इस बात का पता चला तो हंगामा हो गया। घटना की सूचना पाकर एसडीएम और अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही है।
समय बढ़ने के साथ बदलती रही मतदान की रफ्तार (मतदान प्रतिशत)
ब्लाक सुबह नौ बजे 11 बजे 01 बजे 03 बजे समाप्ति तक
बांकेगंज 12.00 28.50 49.00 59.50 69.00
कुंभी 12.00 32.75 47.50 63.00 73.50
फूलबेहड़ 13.00 31.00 46.50 60.00 71.70
बिजुआ 16.00 33.00 46.00 59.50 72.60
..........................................................................................................................
औसत 13.00 31.50 47.00 60.00 71.50
........................................................................................................................