लखीमपुर खीरी। जिले के करीब 700 एनएचएम संविदाकर्मी सोमवार को लखनऊ के इको गार्डन में पहुंचकर प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल होंगे। यहां के करीब 322 सीएचओ कई दिनों से लखनऊ में धरने पर बैठे हैं।
इसके अलावा 400 एएनएम में से करीब 60 से 80 प्रतिशत भी मांगों को लेकर हड़ताल कर रही हैं। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, संरक्षक संजय राय और सीएमओ कार्यालय कार्यकारिणी अध्यक्ष लल्ला सिंह ने बताया कि कोविड काल और विभिन्न राष्ट्रीय अभियानों में जान जोखिम में डालकर सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिल रहा है।