लखीमपुर खीरी। शहर के 15 केंद्रों पर चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन दोनों पालियों के 3327 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों में 9792 अभ्यर्थी बुलाए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों की जामा तलाशी लेने के बाद केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। डीएम और एसपी के अलावा निगरानी में तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।
पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन पेपर देने आए युवाओं में जोश दिखाई दिया। युवाओं ने एक सुर में पेपर उम्मीद से अच्छा होने की बात कही। अभ्यर्थियों के चेहरे पर इसकी खुशी साफ दिखाई दे रही थी। दोनों पालियों में 9792 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 3327 गैरहाजिर रहे। केंद्रों पर सुबह से ही कतार लगाकर परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर, बायोमीट्रिक व फोटो स्कैन के बाद प्रवेश कराया गया।
एडीएम संजय कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्र राजकीय पॉलिटेक्निक, इस्लामिया इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, कृषक समाज इंटर कॉलेज, भगवानदीन आर्यकन्या इंटर कॉलेज और स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज का जायजा लिया। हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट व इंस्पेक्टर की अगुवाई में भारी पुलिस बल व महिला सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मेटल डिटेक्टर, फोटो स्कैनर, बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश कराया गया।
पहली पाली में 4896 के सापेक्ष 3220 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं, 1676 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3245 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1651 ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
-
सभी सवालाें के दिए जवाब... अच्छा आएगा परिणाम
परास्नातक की पढ़ाई की है। पुलिस भर्ती में अपनी किस्मत आजमा रही हूं। पेपर काफी अच्छा हुआ। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई है।
- पूजा, लखनऊ
प्रवेश होने और पेपर देने तक का जो समय मिला वह थोड़ा घबराहट भरा था। हालांकि सभी सवालों के जवाब दिए, परिणाम अच्छा आएगा।
- खुशबू, लखनऊ
इंटर की परीक्षा पास कर चुका हूं, लेकिन इनके हौसले बुलंद थे। उन्होंने कहा कि जिस तरह की तैयारी की गई थी। ठीक उसी तरह का प्रश्नपत्र देखकर खुशी हुई। कटआफ सूची में नाम जरूर होगा।
- अनिल, बरेली
पढ़ाई के साथ ही नौकरी की तलाश में आवेदन किया था। परीक्षा को लेकर पर्याप्त समय था। किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
- रजनीश कुमार, शाहजहांपुर
प्रश्नपत्र में जीएसटी, साइबर क्राइम के अलावा सामान्य ज्ञान के तमाम सवाल पूछे गए थे। सभी का जवाब दिया गया है। गणित के सवालों ने कुछ देर तक उलझाए रखा।
- रीतेश, बलरामपुर
जो पहले पुलिस भर्ती परीक्षा हुई थी, उससे इस बार का प्रश्नपत्र सही आया है। हालांकि समय थोड़ा कम मिला। फिर भी सभी प्रश्न हल किए हैं।
- अरुण कुमार, बदायूं