लखीमपुर खीरी। शहर की एक धर्मशाला में शनिवार को सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी के संयोजन में महिला सम्मेलन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह ने कहा कि प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में बच्चियां और महिलाएं असुरक्षित हैं। महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाओं ने सरकार को उखाड़ फेकने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि विश्व का एक सर्वे आया है, जिसमें भी देश की महिलाओं को उपेक्षित बताया गया है। प्रदेश में सपा महिला कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। महिलाएं, बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। दुष्कर्म जैसे महिलाओं के साथ होने वाले जघन्य अपराध बढ़ रहे हैं। इससे महिलाओं में भय का माहौल है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य आदि को लेकर अलख जगाई थी। सुरक्षित प्रसव के लिए एंबुलेंस सेवा 101 और 102 प्रारंभ की। इससे प्रसव पीड़िताओं को काफी सुविधा मिली। बिना किसी शुल्क से उनका अस्पतालों में प्रसव हुआ। आज हालत काफी दयनीय है। प्रसव पीड़ित महिलाओं को एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पा रही है, इससे असुरक्षित प्रसव हो रहे हैं। वर्तमान सरकार ने महिलाओं के साथ बड़ा धोखा दिया है। बैंक खाता और उज्जवला योजना से गरीबों पर महंगाई की मार पड़ी है। साढ़े पांच सौ रुपये में मिलने वाला गैस सिलिंडर अब एक हजार रुपये में मिल रहा है। इससे मध्यम श्रेणी के परिवार त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। मौजूदा सरकार ने सिर्फ झूठ का पुलिंदा दिया है। महिलाओं ने संकल्प लिया है कि आने वाले चुनाव में सरकार को उखाड़ फेंकेंगी। मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार कतई गंभीर नहीं हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने की। सपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद कयूम, एमएलसी शशांक यादव, विनय तिवारी, यशपाल चौधरी, पपिल मनार आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में मीरा बानो, पूनम यादव, रहनुमा, रूपा सक्सेना, सविता तिवारी, प्रवीन आरा, सादिया, माया देवी, रन्नो दीक्षित समेत भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।