विद्युत आपूर्ति में सुधार लाया जाए : प्रबंध निदेशक
बांकेगंज में बिजली उपकेंद्र का निरीक्षण, किया, चौधीपुर गांव भी गए
सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त कनेक्शन देने में तेजी लाएं
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक संजय गोयल ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में बिजली अभियंताओं की बैठक लेकर बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अक्सर लोकल फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती है। गर्मी के दिनों में यह समस्या ज्यादा आती है। ऐसे में सारी व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त किया जाए ताकि लोकल फाल्ट कम से कम हो। एमडी ने मिशन मैनेजरों से सौभाग्य योजना के तहत गरीबों को मुफ्त कनेक्शन वितरण में तेजी लाने को कहा।
करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में एमडी ने विद्युत बिल वसूली की भी समीक्षा की। उन्होंने बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने पर बल दिया। बैठक में जिले के सभी अधीक्षण अभियंता, सभी अधिशासी अभियंता, एसडीओ और अवर अभियंता आदि बिजली अधिकारी मौजूद रहे।
बांकेगंज। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी संजय गोयल ने रविवार को बिजली उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए। एमडी शनिवार को सात दशक बाद विद्युतीकृत हुए चौधीपुर गांव भी गए और ग्रामीणों से बातचीत की। उपकेंद्र निरीक्षण के बाद एमडी विभागीय अमले के साथ विद्युतीकृत हुए चौधीपुर गांव पहुंचे। ग्रामीणों ओमप्रकाश, दाताराम, राजाराम, गुलाब आदि ने गांव के विद्युतीकरण पर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर एसई आरडी यादव, मनमोहन सरन, एक्सईएन आरके श्रीवास्तव, एलसी यादव, नरेंद्र सिंह, एसडीओ एन मनीष, जेई सर्वेश सिंह आदि मौजूद रहे।