मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आठ जून को जिले के दौरे पर आ रहे हैं। वह सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लाहौरीनगर में चौपाल लगाकर ग्राम स्वराज योजना में चयनित गांवों में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने बुधवार को गांव को चमकाने का काम शुरू करा दिया है।
इससे पहले ग्राम पंचायत अटकोनवा में सीएम को जाना था, बुधवार को कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। मंगलवार को ही मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट हो गया था। जिला प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों को जिला न छोड़ने की चेतावनी जारी कर दी है। पहले ग्राम पंचायत अटकोनवा में कार्यक्रम स्थल निर्धारित होते ही अधिकारियों का काफिला गांव की ओर निकल पड़ा। इलाके में साफ सफाई होने लगी, कार्यक्रम के लिए चयनित तालाब को भी समतल किया जाने लगा लेकिन बुधवार को कार्यक्रम स्थल लाहौरीनगर ग्राम पंचायत निर्धारित हो गया। इस पर अधिकारियों ने अटकोनवा छोड़कर लाहौरीनगर का रुख किया। अधिकारियों ने लाहौरीनगर प्राथमिक स्कूल को कार्यक्रम स्थल निर्धारित कर दिया। इस पर सीडीओ रवि रंजन, एसडीएम सदर डॉ.अरुण कुमार सिंह, पालिका ईओ लखीमपुर अखिलेश त्रिपाठी सहित अन्य विभागों के अधिकारी गांव की दशा बदलवाने में जुट गए। स्कूल परिसर सहित पूरे गांव की सफाई के लिए कई सफाई कर्मचारी लगा दिए गए। जिला मलेरिया अधिकारी एसके सिंह ने छिड़काव आदि की तैयारी शुरू करा दी। स्कूल एवं उसके आसपास काबिज अतिक्रमणकारियों को उपले, ट्रैक्टर आदि हटाने की चेतावनी जारी कर दी गई, जिसके बाद ग्रामीण स्वयं ही अपना सामान उठाकर ले गए।
लाहौरीनगर पहुंचे डीएम और एसपी, देखी व्यवस्था
लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी रामलाल वर्मा ने बुधवार की दोपहर लाहौरीनगर गांव जाकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल परिसर और उसके आस पास साफ सफाई कराने, सभी पात्रों को योजनाओं को लाभ दिलाने आदि की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डॉक्टरों की पहुंची टीम
ग्रामीणों को गांव में ही इलाज मुहैया कराने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम फरधान सीएचसी अधीक्षक डॉ.अमित बाजपेई के नेतृत्व में गांव पहुंची। टीम में शामिल नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम वर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. यामिनी बादल, डॉ. मुकेश कुमार, ईएनटी सर्जन डॉ. हर्षिता अवस्थी, स्किन रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेंद्र गौतम, डॉ. ध्रुव, डॉ. सरोज कुमार, डॉ. विजय वर्मा ने 40 ग्रामीणों को परीक्षण कर दवाएं दी।
पात्रों को खुद खोजने में लगे अधिकारी
शासन की योजनाओं का लाभ पाने के लिए जहां ग्रामीण आम दिनों में अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर होते थे। वहीं सीएम के सामने कहीं शिकायत न हो जाए इसके डर से अधिकारी स्वयं गांव में विभिन्न योजनाओं जिसमें शौचालय, पेंशन, आवास आदि के पात्रों को ढूंढने में लगे हैं।
अटकोनवा के हाथ से निकला विकास
ग्राम पंचायत अटकोनवा बेहजम रोड से करीब सात किलोमीटर दूरी स्थित है। चौपाल के लिए गांव का निर्धारण होते ही जिला प्रशासन ने गांव की सूरत बदले जाने का काम शुरू करा दिया। गांव की सड़के चमकाई होने लगी, तो चोक नालियों भी खुलने लगी। गांव जाने वाली सड़क के गड्ढों की पटाई शुरू हो गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए चयनित झबरा तालाब अटौंहा को समतल करने का काम जोर शोर से शुरू हो गया, लेकिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित होते ही गांव के दशा बदलने की ख्वाब देखरेख रहे ग्रामीणों की खुशियां भी गायब हो गई।
हमरे गांव का नाम होता और विकास भी
अटकोनवा ग्रांम पंचायत के अटौंहा निवासी उमेश कुमार का कहना है कि मुख्यमंत्री यदि हमारे गांव में आते तो अच्छा होता। हमारे गांव का नाम होता और इसकी दशा भी सुधर जाती।
योजनाओं का लाभ मिलता
जियाउल्ला ने बताया कि सीएम के आने की भनक लगते ही अधिकारियों का आना जाना शुरू हो गया। जो पात्र योजनाओं से वंचित थे उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बुलवाया जाने लगा था, लेकिन दौरा कैंसिल होने के कारण सब कुछ पहले जैसा हो गया।
यह है कार्यक्रम
भाजपा जिला प्रवक्ता रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आठ जून 2018 को पुलिस लाइन हैलीपेड पर उतरेगें और उसके बाद कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद लाहौरीनगर गांव के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि वहां पर सीएम जिलाध्यक्ष, बीडीसी, प्रधान और विधायकों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे।