लखीमपुर खीरी। जिले की नगर पालिका और पंचायतों के निर्वाचित अध्यक्ष एवं सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ आज दिलाई जाएगी। इसके लिए सभी जगहों पर समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। लखीमपुर और मोहम्मदी के शपथ ग्रहण समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी भी मौजूद रहेंगी।
लखीमपुर की नवनिर्वाचित भाजपा अध्यक्ष निरूपमा मौनी बाजपेई को 30 वार्ड सदस्यों सहित सरस्वती पैलेस में, गोला पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल को 25 वार्ड सदस्यों सहित पालिका परिसर में एसडीएम योगानंद पांडे शपथ दिलाएंगे। मोहम्मदी पालिकाध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा उर्फ कन्हैया को 25 सदस्यों सहित अस्तल मंदिर मैदान में शपथ दिलाई जाएगी। मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यवती देवी को 12 सदस्यों सहित तीन बजे एसडीएम योगानंद पांडे शपथ दिलाएंगे।
भगवा हुई नगर पंचायत खीरी टाउन
खीरी टाउन। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुधा निषाद के शपथ ग्रहण से ठीक पहले नगर पंचायत दफ्तर को भगवा रंग से रंग दिया गया है। ईओ दिनेश कुमार मिश्रा की देखरेख में वैसे तो नगर पंचायत कार्यालय के रंगरोगन का कार्य कई दिनों से चल रहा था, लेकिन सोमवार को इसे भगवा रंग से रंग दिया गया। मालूम हो कि मुस्लिम बाहुल्य इस कसबे में पहली बार हिंदू बिरादरी की सुधा निषाद अध्यक्ष बनी हैं। नगर पंचायत कार्यालय को भगवा रंग में रंगे जाने की यहां खासी चर्चाएं होती रहीं।
यहां होंगे समारोह
लखीमपुर सरस्वती पैलेस- खीरी रोड
गोला पालिका परिसर
मोहम्मदी अस्तल मंदिर मैदान
पलिया अग्रसेन पार्क
खीरी पंचायत बाजार परिसर
ओयल श्रीकृष्णा मैरिज हॉल
सिंगाही रामलीला मैदान परिसर
धौरहरा नगर पंचायत परिसर
बरवर मेला मैदान परिसर
मैलानी रेलवे मनोरंजन संस्थान