लखीमपुर खीरी/सिकंद्राबाद।
महेशपुर रेंज के बेलहरी बीट के अंतर्गत गांव रायपुर के पिपरा फार्म के पास बाघ देखे जाने से लोगों में दहशत है। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर तेंदुए के पगमार्क देखे जाने की पुष्टि की है। गांव वालों का कहना है कि दो दिन पहले कोई जंगली जानवर बकरी उठा ले गया था। शनिवार सुबह कुछ लोगों ने जंगल के किनारे बाघ को चहलकदमी करते देखे जाने का दावा किया है।
महेशपुर रेंज के अंतर्गत गांव रायपुर के पिपरा फार्म के पास बाघ की चहलकदमी से लोगों में दहशत है। दो दिन पहले बेलहरी बीट के पिपरा फार्म से कोई जंगली जानवर एक बकरी उठा ले गया था। लोगों को मौके पर बाघ जैसे पगमार्क दिखाई दिए थे। शनिवार सुबह रायपुर के जावेद, जलील, सादाब जंगल किनारे गए थे। इस दौरान उन्हें दो बाघ दिखाई दिए। बाघ को देख तीनों वहां से भाग खड़े हुए।
गांव जाकर तीनों युवकों ने प्रधानपति इरफान खां को इसके बारे में बताया। इरफान ने एसओ नीमगांव और वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिस पर एसओ संजय कुमार सिंह ने कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। आबादी के निकट बाघ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है।
उधर, महेशपुर के रेंजर एसएन यादव ने बताया कि दो दिन पहले वन विभाग की टीम को पिपरा फार्म के पास तेंदुए के पगमार्क दिखाई दिए थे। शनिवार सुबह भी सूचना पर टीम भेजी गई थी, लेकिन कोई पगमार्क नहीं मिले। फिर भी गांववालों से सतर्कता बरतने को कहा गया है।