पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम आलोक सिंह ने कहा कि मैलानी-सीतापुर केे बीच मार्च 18 तक ब्रॉडगेज का काम पूरा हो जाएगा। उत्क बात डीआरएम ने रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों को बताई।
डीआरएम ने संरक्षा अभियान केे तहत मैलानी स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद बताया कि ब्रॉडगेज का काम तेज गति से चल रहा है। आरवीएनएल ने मार्च 18 तक मैलानी-सीतापुर-ऐशबाग के बीच ब्रॉडगेज ट्रेनों के संचालन की बात कही है।
डीआरएम दोपहर साढ़े बारह बजे सड़क मार्ग से यहां पहुंचे। उन्होंने लॉबी, मीटरगेज के नए प्लेफार्म, एआरटी, पिट लाइन, वेटिंगरूम, भोजनालय, कैंटीन, डिप्टी एसएस, कार्यालय, बुकिंग काउंटर, बुकिंग ऑफिस, वेटिंग हाल आदि का मुआयना किया। वेटिंग हाल के शौचालय, स्नानघर, महिला शौचालय में बदइंतजामी देख नाराज हुए। स्नानघर में यूरिनल होने के बावजूद नहाने के लिए ऊंचा फर्श न देख उनका पारा चढ़ गया और सीनियर सेक्शन इंजीनियर के कार्य पर बिफर पड़े। उन्होंने वेटिंग हाल में चार पंखे, भोजनालय में दो ट्यूब लाइट और दो पंखेे लगाने के आदेश दिए। आरक्षण विंडो पर आरक्षण समय और बुुकिंग विंडो पर भी टिकट विंडो लिखवाने केे आदेश दिए। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी लोहानी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर राघवेंद्र कुमार, मंडल संरक्षा अधिकारी अनिल कुमार, मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित गुप्ता, मंडल वाणिज्य प्रबंधक देवानंद यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय बीपी सिंह आदि के अलावा स्थानीय अफसर मौजूद रहे।