लखीमपुर खीरी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का जन्मदिन रविवार को जिले भर में मनाया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी एवं युवक कांग्रेस व महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रम करके उन्हें याद किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने रविवार को कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिवस संकल्प दिवस के रूप में मनाया और बच्चों में फल वितरित किए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कुं. राघवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने युवाओं को 18 साल में वोट डालने का अधिकार देने के साथ-साथ देश में संचार क्रांति लाने का काम किया था। केके दीक्षित ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत युवाओं का देश है इसलिए देश के विकास के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। इस मौके पर पंकज शुक्ल, विभू अवस्थी, नीरज बाजपेई, वर्ष अवस्थी, शिवपाल कनौजिया, मोहम्मद फैज आदि लोग मौजूद रहे।
उधर युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष शशांक शर्मा के नेतृत्व में जन्मदिन मनाया और जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल बांटे। उन्होंने कहा कि देश में संचार क्रांति लाकर लोगों के हाथ में मोबाइल और लैपटॉप पहुंचाने का श्रेय उन्हीं को जाता है। इस मौके पर प्रवक्ता देवेंद्र दीक्षित, अमित वर्मा, सौरभ सिंह, रोहित शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोमल सिंह ने इस मौके पर पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आज इस बात का संकल्प लें कि जब तक संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं मिल जाता है तब तक संघर्षरत रहेंगे। इस दौरान अनारकली, मुमताज, मासूम बानो, शांती देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।