लखीमपुर खीरी। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि धौरहरा को बाढ़ से मुक्ति दिलाने के लिए वह मुख्यमंत्री तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने धौरहरा को बाढ़ से निजात दिलाने के लिए 55 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृति दी थी जिससे अभी तक काम पूरा न होने से धौरहरा में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अब केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं। भाजपा को धौरहरा के लोगों को बाढ़ से निजात दिलाने के लिए तत्काल प्रभाव से कार्य करना चाहिए।
जितिन प्रसाद धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते हुए ग्राम मिर्जापुर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय जनता के सामने बड़े-बड़े वादे किए थे, आज तीन साल पूरे हो गये हैं लेकिन धरातल पर एक भी नया कार्य नही किया गया है। भाजपा सरकार के पदाधिकारी सिर्फ पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कार्यो का फीता काटने में व्यस्त है। जनता के दु:ख दर्द से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने ग्राम ईसानगर, मुखलिसपुर, रायपुर, चिकनाजती और खमरिया का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उनके साथ गणेश प्रताप सिंह, पप्पू वर्मा, राघवेंद्र सिंह, कमलेश मिश्रा, जमाल अहमद, रामजी सेठ, जिलेदार लोधी, राममूर्ति लोधी, राजाराम लोधी, रविंद्र शुक्ला, पप्पू मनार, लालता सिंह, महीप सिंह, बाबूराम ढखनिया, गौरी शंकर, रमाकांत मिश्र, सर्वेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।