लखीमपुर खीरी। भीषण गर्मी बच्चों के लिए मुसीबत बन रही है। वह पेट संबंधी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित हैं। शनिवार को उल्टी, दस्त और बुखार पीड़ित सात बच्चे अस्पताल में भर्ती किए गए।
उल्टी,दस्त आने पर नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद असलम डेढ़ वर्षीय शहनुवा, फरधान निवासी सदांनद डेढ़ वर्षीय पुत्री बेबी, भीरा निवासी कपिल छह माह के पुत्र कार्तिक एवं बुखार आने पर बहराइच जिला निवासी छोटेलाल एक वर्षीय पुत्री अंशिका, निघासन निवासी सुनील कुमार दो वर्षीय पुत्री पूर्ति, हैदराबाद निवासी विजयपाल आठ वर्षीय पुत्री मानवी और भगवंतापुर निवासी बरातीलाल दस वर्षीय पुत्री चांदनी को लेकर जिला अस्पताल आए थे। हालत गंभीर होने पर सभी को चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कर लिया गया। पिछले कुछ दिनों से गर्मी के चलते अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसमें बच्चों की संख्या ज्यादा है।
सफाई कर्मचारी पर गाली गलौज का आरोप
लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में शनिवार को सफाई कर्मचारी और बुखार पीड़ित भर्ती बच्ची चांदनी की मां के बीच विवाद हो गया है। बच्ची की मां ने सफाई कर्मचारी पर गाली देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना है कि शनिवार सुबह वह बच्ची के साथ बैठी थी। इस दौरान सफाई कर्मचारी इंद्रपाल ने वार्ड में आकर गाली देकर बाहर जाने को कहने लगा। उन्होंने बताया कि जब गाली देने से मना किया तो इंद्रपाल हाथापाई पर आमादा हो गया। सफाई इंचार्ज अखिलेश श्रीवास्तव का कहना है कि इंद्रपाल जाला छुड़ाने वार्ड में गया था। उसके द्वारा अभद्रता करने की जानकारी हुई है। इससे सीएमएस को अवगत कराया जाएगा। वहीं सीएमएस डॉ.आरके वर्मा का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है, यदि ऐसा कोई मामला है तो जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।