सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के भदूरी गांव में परिषदीय शिक्षकों को ढोने वाली मैजिक में बुधवार को अचानक आग लग गई, जिसमें चालक समेत तीन लोग सवार थे। चालक ने तत्काल वाहन रोक लिया और सभी बाहर निकल आए। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लखीमपुर निवासी मैजिक मालिक साकेत साहू ने बताया कि उनकी मैजिक परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को अलग-अलग स्कूलों में छोड़ने जाती है। बुधवार को भी धुमरा, हरैया, नीमगांव आदि में शिक्षकों को छोड़कर लौटते समय चालक मुकेश ने गाड़ी में खराबी की सूचना दी थी। इस पर मैजिक मालिक साकेत अपने चाचा गिरीश साहू के साथ भदूरी गांव पहुंचे। तीनों लोग गाड़ी ठीक कराने लिए जैसे ही चले, तो थोड़ी दूर पर वायरिंग शार्ट होने से गाड़ी में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर 100 डायल और नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मैजिक को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। गाड़ी मालिक और चालक फरार हो गए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।