सुंदरवल। तहसील गोला के दाउदपुर गांव के एक किसान ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सर्वे में घपलेबाजी और उसका नाम सूची से बाहर किये जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की है।
गांव दाउदपुर निवासी राजेंद्र पुत्र चुरई ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में कहा है कि उसके पास कुल एक एकड़ कृषि भूमि है, जो कि वह किसान सम्मान निधि की पात्रता सूची में आता है। आरोप है कि हल्का लेखपाल ने बगैर सूचना के गांव में योजना संबंधी सर्वे की खानापूर्ति कर ली। पात्र होने के बावजूद लेखपाल ने सूची में उसका नाम दर्ज नहीं किया। लेखपाल राजेंद्र वर्मा ने बताया कि गांव में बहुत से किसानों के नाम छूट गए हैं। दूसरी सूची बनाई जा रही है। आरोप निराधार है। कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा। ब्यूरो