निघासन। रकेहटी गांव में राजस्व और पुलिस महकमे की संयुक्त टीम ने सरकारी जमीन पर सालों से चला आ रहा अवैध कब्जा हटवा दिया। इस पर गांव के कई लोग खेती कर रहे थे। कुछ हिस्से पर लोगों ने मकान आदि भी बना लिए हैं। इनको हटवाने के लिए भी कार्रवाई की बात कही गई है।
तहसीलदार डॉण् धर्मेंद्र पांडे ने बताया कि रकेहटी गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की तमाम शिकायतें आईजीआरएस आदि पर की गई थीं। इनमें रकेहटी युवक मंगल दल के नाम दर्ज एक एकड़ए अस्पताल की पचास डिसमिल और झोलहू मेला मैदान के नाम दर्ज पौने सत्रह जमीन के बड़े हिस्से पर खेती करके लाभ उठाने की बात कही गई थी। इसकी जांच के लिए राजस्व निरीक्षक सहित लेखपालों की टीम बनाकर इसकी पैमाइश कराई गई। इसमें युवक मंगल दल वाली जमीन के कुछ हिस्से पर खेती की जाती और कुछ पर मकान बने पाए गए। झोलहू मेला मैदान वाली जमीन के काफी हिस्से पर भी गेहूं और लाही आदि फसलें लगी मिलीं।
अवैध कब्जेदारों को अपना कब्जा हटवाने को कहने के बावजूद उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। इस पर शुक्रवार को तहसीलदार सहित नायब तहसीलदार ज्ञानप्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक श्रीकांत शुक्ल, लेखपालों ज्योति प्रकाश वर्मा, अनुज शुक्ला, अजय कुमार व रमाकांत मिश्र तथा कोतवाल संजय त्यागी एसएसआई नरेंद्र प्रताप व सिपाहियों ने मौके पर जाकर अवैध कब्जा हटवाया। इस जमीन को कब्जे में ले लिया गया है। तहसीलदार ने बताया कि युवक मंगल दल के जिस हिस्से पर मकान बनाकर कब्जा किया गया है। उसे हटाने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।