फोटो- 01एलकेएच501
जंगल से सटे खेत में बाघ
ने सुअर को मार डाला
- घटनास्थल मगही गांव है आबादी के काफी करीब
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज।
दुधवा टाइगर रिजर्व के किशनपुर सेंक्चुरी से सटे मगही गांव के निकट स्थित गन्ने के खेत में बृहस्पतिवार सुबह बाघ ने एक जंगली सुअर को मार डाला। यह खेत आबादी के नजदीक है। ग्रामीण बाघ को सुअर का शिकार करते देख दहशत में आ गए हैं। उन्होंने इसकी सूचना भीरा रेंजर को दी,वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी है।
घटना सुबह नौ बजे की है। आरक्षित वन क्षेत्र किशनपुर सेंक्चुरी से सटे भीरा रेंज की बरूआ बीट के गांव मंगही के निकट गुरमीत सिंह से खेत में कुछ मजदूर गन्ना छीलने गए थे। वहां बाघ एक सुअर को दबोचे हुए था। यह नजारा देखकर ग्रामीण उल्टे पैर भाग खड़े हुए और उन्होंने इसकी सूचना रेंजर भीरा राकेश बाबू वर्मा को दी। सूचना मिलते ही वन कर्मियों की टीम के साथ रेंजर मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी लेने के बाद भीरा और कटैया वन विभाग की टीम को निगरानी पर लगा दिया है।
आबादी के निकट बाघ की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं। उनकी खेतों की ओर जाने की हिम्मत नहीं पड़ रही है। भीरा वन क्षेत्राधिकारी राकेश बाबू वर्मा ने बताया कि जंगल से सटा खेत होने के कारण यह घटना आश्चर्यजनक नहीं है। फिलहाल, वन विभाग की टीम को निगरानी पर लगा दिया गया है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वह खेतों की ओर न जाएं।