पर्यटन गेस्ट हाउस के दिन
बहुरने की जागी उम्मीद
सीएम के निर्देश और डीएम के पत्र से बढ़ी आस
- दुधवा आने वाले सैलानियों को मिलेगा लाभ
- पार्क में हट फुल होने पर परेशान होते हैं सैलानी
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां।
अंतरराष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद डीएम ने प्रमुख सचिव पर्यटन को पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने दुधवा रोड पर स्थित निर्माणाधीन पर्यटक सुविधा केंद्र को शीघ्र ही पूर्ण कराकर चलाने को कहा था। डीएम के भेजे गए पत्र से अब लगने लगा हैं कि इस पर्यटक सुविधा केन्द्र के दिन भी जल्द बहुरेंगे, जिसका फायदा सैलानियों को होगा।
बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बर्ड फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में कहा था कि हवाई पट्टी से आते समय उनको पर्यटन विभाग का निर्माणाधीन गेस्ट हाउस दिखा था। निर्माण पूरा न होने के कारण उसमें झाड़ झंखाड़ उग आए हैं, जिससे बिल्डिंग बदरंग हो गई है। इसके बाद सक्रिय हुए जिला प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कीं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मामले की जांच कराने की बात कही है।
यहां बता दें कि सैलानियों को उन दिनों दिक्कतों का सामना करना पड़ता था जब दुधवा नेशनल पार्क के 14 हट और हाउस फुल हो जाते थे। पर्यटक सुविधा केंद्र पूरी तरह शुरू हुआ तो इसमें काफी सैलानी रुक सकेंगे और बाहरी रिसोर्ट में अधिक दाम खर्चने से भी बच सकेंगे।
पर्यटन सुविधा केंद्र की सेवाओं का लाभ पूरी तरह से सैलानियों को मिलेगा। इसकी जितनी अधिक सुविधा सैलानियों को मिलेगी उसका लाभ दुधवा को मिलेगा और यहां ज्यादा से ज्यादा सैलानी आएंगे व पार्क का भ्रमण करेंगे।
-महावीर कौजलगि, डिप्टी डायरेक्टर, दुधवा नेशनल पार्क