गोला गोकर्णनाथ।
छोटी काशी के नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष और कई सदस्य पदों पर अपने प्रत्याशी उतारे, उन्हें अपना झंडा और सिंबल दिया। चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए नेताओं ने रात दिन मेहनत कर कोई कोर कसर नहीं छोड़ रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने और डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने जिले में कई सभाएं कर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए जनसभाएं कीं। छोटी काशी की जनता को भाजपा नेताओं की सभाएं रास नहीं आईं। जन समर्थन निर्दलीय प्रत्याशी मीनाक्षी अग्रवाल के मृदु व्यवहार, शिष्टाचार और अपने पूर्व कराए विकास कार्य पर एकतरफा होता चला गया। साथ ही नगर की जनता ने सदस्य पदों में भी निर्दलियों पर ही भरोसा जताया, और एक तरीके से सत्ता पक्ष को नकार दिया। जिससे नगर निकाय चुनाव में 25 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत के साथ नगर में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है।