लखीमपुर खीरी। एसएसबी के तृतीय वाहिनी मुख्यालय पर सोमवार को अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसके बाद जवानों ने शहर में जागरूकता रैली निकालकर शहरवासियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ इससे दूर रहने की प्रेरणा दी। इस दौरान जवानों को नशे से दूर रहने के लिए शपथ भी दिलाई गई।
एसएसबी मुख्यालय पर हुए जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट मुकेश कुमार ने जवानों को नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां हो जाती हैं, इसलिए नशे के पदार्थों से दूर रहकर अपने आस-पास वालों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जवानों से कहा कि सभी लोग जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ सीमा पर ड्यूटी करें, जिससे सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लग सकें। इसके बाद कमांडेट ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्यालय पर जाकर समाप्त हुई। नशा मुक्ति मुहिम में संदीक्षा अध्यक्ष मोनिका, संजना गुप्ता, ऊषा रानी देवी सहित अन्य जवानों की महिलाएं भी शामिल हुईं। इस मौके पर कार्यवाहक उपमहानिरीक्षक राजेंद्र कुमार, उप सेनानायक एमब्रोजेन, डॉ. विशाल बरनवाल आदि लोग शामिल हुए।