लखीमपुर खीरी। नगर पालिका के वार्ड शिवकालोनी सहित पांच मोहल्लों की करीब 50 हजार की आबादी को अब जलभराव से मुक्ति मिलेगी। जलभराव से निजात दिलाए जाने को लेकर 55 लाख रुपये खर्च हुए हैं। मोहल्ले के बीचोबीच संपवेल का निर्माण कराया गया है।
करीब 35 सालों से ज्यादा जलभराव का दंश झेल रहे मोहल्ला शिवकालोनी वासियों को अब इस समस्या से निजात मिल जाएगी। शहर की सरकार बनने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने वार्डवासियों की इस समस्या से समाधान कराए जाने की बात कही थी। समस्या को दूर करने के लिए 55 लाख रुपये की कीमत से संपवेल का निर्माण कराया गया है।
करीब डेढ़ महीने पहले निर्माण कार्य शुरू हुआ था। संपवेल शुरू हो जाने से मोहल्ला शिवकालोनी के अलावा ईदगाह, कमलापुर, गोटैय्याबाग, सरबती देवी कालोनी में जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी। इसमें तीन मोटरों को लगाया गया है जो 7500 लीटर प्रति सेकेंड पानी डिस्चार्ज करेंगी। इन मोहल्लों की बात करें तो यहां पर करीब 50 हजार की आबादी इस समस्या से प्रभावित थी।
सदर विधायक और पालिकाध्यक्ष ने किया उद्घाटन
संपवेल का रविवार को सदर विधायक योगेश वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने उद्घाटन किया। इस माैके पर सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि इस समस्या से पिछले साल ही निजात मिल जाती, लेकिन कुछ दिक्कतों की वजह से यह समस्या समाप्त नहीं हो सकी थी। अब वार्डवासियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस अवसर पर वार्ड सभासदगण कपिल श्रीवास्तव, हेमंत गुप्ता, मनोज राज, मंजुला बरतरिया, सुमित सक्सेना, संदीप वर्मा, अनूप शुक्ला, राकेश सिंह, सुमित तिवारी सहित तमाम मोहल्ले वासी मौजूद रहे।