लखीमपुर खीरी। जिले में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ठगों ने मोहल्ला काशीनगर निवासी प्रज्ञा श्रीवास्तव को निशाना बना लिया। बताया कि ऑनलाइन खरीदारी के लिए बिग बाजार एप डाउनलोड करते ही उनके क्रेडिट कार्ड से दो बार में 50 हजार रुपयेे कट गए। पीड़ित ने सदर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
मोहल्ला काशीनगर निवासी सचिन श्रीवास्तव ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा कि 14 जुलाई को उनकी पत्नी प्रज्ञा श्रीवास्तव ने फेसबुक पर विज्ञापन देखकर कुछ सामान ऑर्डर किया। पत्नी को फोन पर बिग बाजार एप डाउनलोड करने का आप्शन आया। एप डाउनलोड करते ही पत्नी के क्रेडिट कार्ड से दो बार 25-25 हजार रुपये कट गए। यह रुपये मेक माय ट्रिप के नाम पर काटे गए।
रुपये कट जाने का पता चला तो पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1030 पर फोन किया। सदर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मेक माय ट्रिप के नाम धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ठगों का निशाना बन चुके हैं कई लोग
साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुछ दिन पहले पुलिस लाइन में तैनात एसआई के खाते से पांच बार में 51500 रुपये कट चुके हैं। एसआई ने सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया। ठग फरधान थाने के आरक्षी को भी चूना लगा चुके हैं। आरक्षी के खाते से 95 हजार से अधिक धनराशि पार कर दी थी। कई अन्य लोग भी ठगी का शिकार हो चुके हैं।