लखीमपुर खीरी। लखनऊ में 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम प्रस्तावित है, इसमें जिले के 21 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। उनके आने-जाने के लिए लखीमपुर से 430 रोडवेज बसों को भेजा जाएगा। गोला डिपो सहित पड़ोसी जनपदों से बसों की व्यवस्था की जा रही है। ये बसें दो दिनों तक प्रशासन के कब्जे में रहेंगी। ऐसे में इन दो दिनों तक आम लोगों के लिए परिवहन का बड़ा संकट रहेगा।
विभागीय आंकड़ों पर नजर डालें तो तीन रीजन से आठ डिपो की रोडवेज बसों को लगाया गया है। सीतापुर की 30, गोला की 70, बदायूं की 75, पीलीभीत की 55, बलरामपुर की 50, गोंडा की 50, बहराइच की 75 व रूपैडिया डिपो की 25 रोडवेज बसें लखीमपुर के लोगों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यक्रम में जाएंगी। बदायूं, गोंडा, बलरामपुर सहित दूर वाली बसों को मंगलवार रात तक लखीमपुर के पुलिस लाइन में आने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके।
शेष बसों को बुधवार को प्रशासन की निगरानी में आना होगा। बसों को एकत्र करने व भेजने के लिए लखीमपुर डिपो को नोडल बनाया गया। इधर, मंगलवार को लखीमपुर की एआरएम गीता सिंह संबंधित डिपो के अधिकारियों से संपर्क कर समय से बसों को भेजने को कहा है।