लखीपमुर खीरी। रोडवेज बसअड्डे पर आउटसोर्सिंग के तहत काम करने वाले कर्मचारियों ने पांच महीने से वेतन न मिलने पर एमएसटी रूम में ताला लगाकर काम ठप कर दिया है। इससे न तो एमएसटी बन पा रही हैं और न ही ओपेन कार्ड। पहले से बने कार्डों में रिचार्ज भी नहीं हो पा रहा। इससे कार्डधारक परेशान हैं। डिपो प्रशासन यात्रियों की समस्याओं के संबंध में आलाअधिकारियों को सूचित करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहा है।
यात्रियों की सुविधा एवं राजस्व बढ़ोतरी के लिए परिवहन निगम ने एमएसटी और ओपेन कार्ड की शुरुआत की। इसके लिए ट्राईमैक्स एवं आईसीआईसीआई बैंक से अनुबंध कर प्रत्येक डिपो में चार लोगों का स्टाफ तैनात कर दिया गया है। पांच माह से वेतन न मिलने से नाराज लखीमपुर एवं गोला डिपो में कर्मियों ने शनिवार को एमएसटी रूम में ताला लगा दिया।
निगम को हो रही करीब 55 हजार की रोजाना क्षति
लखीमपुर डिपो में हर महीने 200 से 250 तक एमएसटी बनती है। करीब 200 ओपेन कार्ड भी हैं। उधर गोला में भी हर महीने करीब 400 एमएसटी और ओपेन कार्ड बनते हैं। इस तरह रोजाना लखीमपुर में करीब तीस हजार का रिचार्ज होता है तो गोला डिपो में भी करीब पचीस हजार का रिचार्ज कराया जाता है। कई दिनों से कर्मचारियों के काम न करने से जिले से ही परिवहन निगम को करीब 55 हजार रुपये की राजस्व क्षति हो रही है।
वेतन न मिलने से कर्मचारी नाराज थे, जिस कारण काम करना बंद कर दिया था। कर्मचारियों को वेतन दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दो माह का वेतन देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और सोमवार से उनके खातों में रुपये पहुंचने लगेंगे।
- अनूप पाठक, प्रोजेक्ट मैनेजर, यूपी ट्राईमैक्स