लखीमपुर खीरी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से तराई का इलाका ठिठुरने लगा है। सर्द हवाओं के कारण शुरू हुई शीतलहर से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। सर्द हवाओं के चलने से क्षेत्र में गलन भी बढ़ गई है। दिन में सूरज तो निकला लेकिन उसमें तपिश कम महसूस हुई। फिर भी लोगों ने धूप में बैठकर कुछ राहत महसूस की। दफ्तरों और बाजार में भी लोग धूप सेंकते देखे गए। अस्पताल में तीमारदार तो धूप में बैठे दिखे ही साथ ही मरीज भी धूप लेने के लिए वार्ड से बाहर निकल आए। दोपहर होते-होते सर्द हवाएं तेज हो गईं जिससे पारा कुछ नीचे गिर गया। ग्रामीण इलाकों में सर्दी का असर कुछ अधिक है। सुबह-शाम लोग अलाव के सहारे बैठे देखे जा रहे हैं। शाम होते ही लोग अपने घरों की ओर लौटने लग रहे हैं।
तिकुनिया। तराई में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसकी वजह से बुजुर्गों और नेपाल से आने वाले नागरिकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की सर्दी पड़ने के बावजूद तहसील प्रशासन अभी तक कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं कर सका है।
उधर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सभी एसडीएम और नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाने और जरूरतमंदों को कंबल बांटने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।