10एलकेएच451,452
शार्टशर्किट से दुकान में लगी आग, 20 लाख की क्षति
मकान भी हुआ क्षतिग्रस्त, अफरा तफरी मची
अमर उजाला ब्यूरो
निघासन। रकेहटी में शार्ट सर्किट से परचून की दुकान में आग लग गई, इससे उसमें रखा सामान जल गया और दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर दमकल वाहन पहुंचा, लेकिन उसमें पानी न होने के कारण कर्मचारी वाहन वापस ले गए। बाद में पानी भरकर गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
रकेहटी निवासी अतीक किराना स्टोर के मालिक रिंकू ने बताया कि रविवार की शाम करीब नौ बजे दुकान बंद करके वह घर चले गए। दुकान के पीछे रहने वाले नाजिर खान रात में उठे तो उन्होंने देखा कि रिंकू की दुकान से धुंआ निकल रहा है। इसकी सूचना उन्होंने रिंकू के चाचा लईक अहमद को फोन पर दी। लईक अहमद परिवार समेत दुकान पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। आरोप है कि सूचना के बाद भी दमकल कर्मी पांच किलोमीटर की दूरी एक घंटे में तय करके पहुंचे। लेकिन गाड़ी में पानी आदि न होने के कारण वह फिर वापस निघासन आए और गाड़ी में पानी भरा और फिर रकेहटी पहुंचे। आग बुझाते समय जब पानी फिर कम पड़ा तो वह एक बार फिर वह कस्बे में वाहन लेकर गए। आरोप है कि रकेहटी गांव में कई तालाब होने के बावजूद वह कस्बे में पानी भरने के लिए गाड़ी लाते रहे। आग लगने से साबुन, तेल, रिफाइंड, नमकीन, बिस्कुट, दाल, चावल, घी, डालडा, बीड़ी, सिगरेट, गुटका आदि सामान करीब 20 लाख का जल गया। आग लगने से पूरी पक्की दुकान भी चटक गई है। एसडीएम केशवनाथ ने बताया कि पीड़ित को मदद दी जाएगी।
-------
रिंकू पर टूटा दुखों का पहाड़
रिंकू के पिता अतीक की मौत करीब एक साल पहले बीमारी के चलते हो गई थी। उसके बाद इनके बाबा हाजी नियाज अली की भी मौत बीमारी के चलते हो गई थी। करीब तीन माह पहले शायक अली सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था और अब आग लगने से पूरा परिवार तबाह हो गया है।