लाइन में खराबी के चलते आधे से ज्यादा शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई ठप रही। सुबह करीब दस बजे दूसरे विद्युत उपकेंद्र से जोड़कर जैसे तैसे बिजली आपूर्ति शुरू की जा सकी। इसके बाद भी दिन भर बिजली की आवाजाही बनी रही। बिजली न आने से कई इलाकों में लोगों को पानी की भी समस्या से जूझना पड़ा।
बुधवार रात शहर से लेकर देहात तक बिजली सप्लाई प्रभावित रही। मौसम गर्म होने की वजह से लोगों की मुसीबत और बढ़ गईं। गढ़ी सब स्टेशन में तकनीकी खराबी से जहां आधे से ज्यादा शहर और देहात क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप रही। रात करीब 11 बजे से गायब हुई बिजली गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आई तो लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन कुछ देर बाद ही फिर लाइट चली गई। पूरे दिन लुका छिपी का यह खेल चलता रहा।
एसडीओ सिटी अनुराग शर्मा ने बताया कि छाउछ ट्रांसमिशन से गढ़ी रोड सबस्टेशन के बीच अंडरग्राउंड केबिल में फाल्ट आ जाने से गढ़ी विद्युत उपकेंद्र का केबल बॉक्स के फुंक जाने से यह समस्या पैदा हुई है। इससे शहर के भुइफोरवानाथ, शिवपुरी, भटनागर कालोनी, द्वारिकापुरी, गोकुलपुरी, गढ़ी रोड, शिवकलोनी, हाथीपुर, शांतिनगर और महेवागंज कस्बा समेत करीब एक दर्जन मोहल्ले पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे। क्रासिंग पार दक्षिण इलाके के राजगढ़, शिवकालोनी, जयदेवनगर, बरखेरवा, रामनगर आदि मोहल्लों में बिजली पूरी रात गायब रही। उधर नौरंगाबाद, सलेमपुर कोन, मिश्राना, हाथीपुर, अर्जुनपुरवा, सिविल लाइंस आदि मोहल्लों में भी बिजली न रहने से लोग परेशान रहे। उधर जिन क्षेत्रों में बिजली रही वहां भी लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ा।
एसडीओ सिटी अनुराग शर्मा ने बताया कि रात भर फाल्ट तलाश करने की कोशिश जारी रही लेकिन फाल्ट नही मिला। लखनऊ से फाल्ट लोकेटर मंगाया गया है। शाम तक फाल्ट दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। लोगों की परेशानियों को देखते हुए शारदानगर विद्युत उपकेंद्र से जोड़कर जैसे तैसे आपूर्ति बहाल की गई है।