2018 में होने वाली यूपी बोर्ड इलाहाबाद की परीक्षा में 90369 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। हाईस्कूल में 52847 और इंटर में 37522 छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं, जिसमें 2638 व्यक्तिगत परीक्षार्थी भी शामिल हैं।
इलाहाबाद बोर्ड से मान्यता प्राप्त कॉलेजों की संख्या जिले में 268 है, जिसमें राजकीय विद्यालयों की संख्या 52, सहायता प्राप्त कॉलेजों की संख्या 45 और 171 वित्तविहीन कॉलेज शामिल हैं। इन सभी कॉलेजों के 90369 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में 52043 संस्थागत और 798 व्यक्तिगत और इंटर में 35682 संस्थागत व 1840 व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में पंजीकृत हैं। इनके लिए करीब 180 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाना है।
15 दिसंबर से प्रयोगात्मक और छह फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं
इलाहाबाद बोर्ड ने हाईस्कूल व इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जिसके अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 दिसंबर से शुरू होकर 29 दिसंबर तक चलेंगी। वहीं हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा छह फरवरी से शुरू होगी। हाईस्कूल की परीक्षाएं 22 फरवरी तक और इंटर की परीक्षाएं दस मार्च तक चलेंगी।
बोर्ड परीक्षा संबंधी तैयारियां जोरों पर हैं। विद्यालयों द्वारा बोर्ड की साइट पर अपडेट किए गए डाटा के आधार पर ही उन्हें परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। सोशल मीडिया पर प्रयोगात्मक व बोर्ड परीक्षा की तिथि जारी होने की सूचना मिली है।
- डॉ. आरके जायसवाल, डीआईओएस