लखीमपुर खीरी। जिला खेल कार्यालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व्यवस्था से जोड़ने के लिए पहल की गई है। खेल विभाग 15 विभिन्न खेलों के लिए 41 प्रशिक्षकों की नियुक्ति करेगा। इसके लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन मांगे गए हैं।
उप क्रीड़ाधिकारी मो. इरफान ने बताया कि हॉकी, तैराकी, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैंडबॉल और जूडो समेत कुल 15 खेलों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 35 छात्रावासों में बेहतर प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से इन प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ी आवेदन के पात्र होंगे। इसके अलावा पद्मश्री, खेल रत्न, अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी व प्रशिक्षक भी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आठ अप्रैल 2026 तक जिला खेल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।