ज्यादा निकले बोटों की कीमत छह लाख के करीब
मैलानी। दुधवा टाइगर रिजर्व की मैलानी सेंक्चुरी में पकड़े गए ट्रक में सागौन के 38 बोटे ज्यादा निकले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत छह लाख बताई जा रही है। अमर उजाला ने पहले ही रवन्ना से ज्यादा लकड़ी ट्रक पर लदी हुई बताई थी।
सोमवार की रात भीरा की ओर से आ रहे सागौन से भरे ट्रक को मैलानी सेंक्चुुरी बैरियर कर्मियों ने सोमवार की रात पकड़ा था। यह ट्रक बेलरायां से कुरुक्षेत्र हरियाणा जा रहा था। मंगलवार की रात ट्रक को अनलोड कर उसमें लदे बोटों की गणना की गई तो रवन्ना से 38 बोटे अधिक निकले।
किशनपुर पशु विहार मैलानी के वार्डेन तौफीक अहमद ने बताया कि ट्रक में सागौन के कुल 182 बोटे निकले, जबकि रवन्ना में 144 बोटे दर्ज थे। इस प्रकार रवन्ना के हिसाब से 38 अधिक पाए गए। अधिक निकले बोटों की कीमत करीब छह लाख बताई जा रही है।
बताया कि रवन्ना में 18.80 घन मीटर लकड़ी दर्ज है, जबकि ट्रक में 24.70 घन मीटर लकड़ी निकली है। पकड़ी गई लकड़ी भल्ला फार्म बेलरायां से लोड हुई थी। वार्डेन की दलील है कि पकड़ी गई लकड़ी काश्तकार की है। किसी जंगल या सेंक्चुरी एरिया की नहीं है। ट्रक चालक धीरज कुमार शुक्ला पुत्र आत्मा राम शुक्ला निवासी हेमपुर नेरी थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर और हेल्पर राधेश्याम शुक्ला पुत्र उमा रमन शुक्ला निवासी सुलतापुर हरीप्रसाद थाना पोस्ट लहरपुर और ट्रक वनविभाग के कब्जे में है। पकड़ी गई लकड़ी की गणना की जा रही है।
सोमवार की रात मैलानी सेंक्चुरी के बैरियर पर चेकिंग के दौरान शक के आधार पर पकड़े गए ट्रक में सागौन के 38 बोटे फालतू निकले हैं, जिनकी नपत हो गई है। गणना की जा रही है। गणना के बाद उसका रवन्ना से मिलान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- तौफीक अहमद, वन्यजीव प्रतिपालक, किशनपुर पशु विहार, मैलानी