बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के पड़रियातुला गांव निवासी जयदेवी के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते से 37 हजार रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। पड़रियातुला पोस्ट ऑफिस के माध्यम से संचालित इस बैंक खाते से रकम गायब होने पर पीड़िता ने साइबर ठगी का आरोप लगाते हुए साइबर थाना लखीमपुर में तहरीर दी है।
विज्ञापन
जयदेवी के पति विजय कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी के बैंक खाते में मेहनत की कमाई के 37 हजार रुपये जमा थे। पिछले तीन-चार दिनों से उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आ रहे थे। इसी बीच एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए ओटीपी मांग लिया। इसके बाद बैंक का मोबाइल एप खुलना भी बंद हो गया। खाते की जानकारी करने पर पता चला कि उसमें जमा 37 हजार रुपये गायब हैं। पीड़िता ने साइबर थाना लखीमपुर में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ महक शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद