लखीमपुर खीरी। परिषदीय स्कूलों के बच्चों को हर साल डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये दिए जाते हैं, ताकि बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में पढ़ने आ सकें। अभिभावक इसी धनराशि से बच्चों की यूनिफॉर्म, जूता-मोजा आदि खरीदते हैं। पहले चरण में जिले के करीब साढ़े तीन लाख बच्चों के अभिभावकों को धनराशि भेजी गई है। इस माह से ही बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में नजर आएंगे।
बच्चे का स्कूल में प्रवेश देते समय उसका आधार, माता पिता का आधार, बैंक पासबुक, फोटो, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात स्कूल में जमा कराए जाते हैं। शिक्षक दस्तावेजों का डाटा पोर्टल पर अपलोड होता है। पोर्टल पर डाटा फीड होने के बाद शासन की ओर से डीबीटी के माध्यम से बच्चों के अभिभावकों के खातों में धनराशि भेजी जाती है।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि 1200 रुपये में 600 रुपये यूनिफॉर्म के लिए, स्कूली बैग-175 रुपये, जूते-मोजे 125 रुपये, स्वेटर के लिए 200 रुपये दिए जाते हैं। साथ ही स्टेशनरी के लिए 100 रुपये प्रदान किए जाते हैं। यह राशि पहले उन्हीं बच्चों के अभिभावकों को मिलती है, जिनका आधार नंबर पर उपलब्ध होता है।
बताया कि इस बार साढ़े तीन लाख बच्चों का डाटा शासन को भेजा गया था। पहले चरण में सभी बच्चों को 1200 रुपये की धनराशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने अभिभावकों को निर्देश दिया कि वह जल्द से जल्द धनराशि से बच्चों को यूनिफॉर्म आदि खरीदकर दें दें, ताकि बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में ही स्कूल आएं। उन्होंने स्कूलों में तैनात शिक्षकों, शिक्षामित्रों को भी निर्देश जारी किया है कि वह भी बच्चों को यूनिफॉर्म में ही आने के लिए प्रेरित करें।
फैक्ट फाइल
प्राथमिक विद्यालय 1973
उच्च प्राथमिक विद्यालय 406
संविलियन विद्यालय 727
तैनात शिक्षक
अध्यापक 8892
शिक्षामित्र 3228
अनुदेशक 875