दबोचा गया फर्जी जिला समाज कल्याण अधिकारी
लखीमपुर खीरी। एक व्यक्ति कई दिन से खुद को जिला समाज कल्याण अधिकारी बताते हुए एक बैंक के शाखा प्रबंधक को हड़का रहा था। वह वृद्धावस्था पेंशन का भेजा गया 44 हजार रुपये वापस करने का भी दबाव बना रहा था। एसडीएम सदर ने उसे दबोचकर सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जिला समाज कल्याण अधिकारी की तहरीर पर दो लोगों को नामजद कर कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला समाज अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, सामान्य वर्ग शादी अनुदान योजना सहित अन्य कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं में बिचौलियों और दलालों के संलिप्त होने की जानकारी मिल रही थी। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा गौरा के शाखा प्रबंधक मनोज कुमार वर्मा को थाना मितौली के गांव गाजीपुर निवासी वीरेंद्र कुमार कई दिनों से कॉल कर रहा था। वह अपने को जिला समाज कल्याण अधिकारी बताता था और विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन धारकों के खाते में भेजे गए 44000 हजार रुपये वापस करने का दबाव बना रहा था। शाखा प्रबंधक को जब शक हुआ तो उन्होंने मामले की जानकारी सदर एसडीएम अरुण कुमार सिंह को देते हुए आरोपी वीरेंद्र को 30 नवंबर को बैंक शाखा पर बुलाया। आरोपी जब बाइक से बैंक पहुंचा तो शाखा प्रबंधक ने उसके आने की सूचना एसडीएम सदर को दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह ने आरोपी को दबोच लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मुख्य साथी थाना नीमगांव के गांव भूलनपुर निवासी मनोज कुमार है। एसडीएम ने आरोपी को पकड़कर सदर कोतवाली पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने जिला समाज कल्याण अधिकारी की तहरीर पर आरोपी वीरेंद्र कुमार, मनोज कुमार को नामजद कर अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वर्जन.....
जिला समाज कल्याण अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शनिवार को आरोपी का चालान कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- अशोक कुमार पांडेय, शहर कोतवाल