13एलकेएच651
प्रसूता ने गल्ला गोदाम पर जना बच्चा
क्रिटिकल केस बताकर सीएचसी से रेफर की गई थी प्रसूता
अमर उजाला ब्यूरो
बिजुआ। सीएचसी से क्रिटिकल पोजीशन के नाम पर रेफर महिला ने सड़क किनारे बने एक गल्ला गोदाम के बरामदे में शिशु को जन्म दे दिया। आरोप है कि सुबह जब शिशु को टीका लगवाने के लिए सीएचसी लेकर गए, वहां पर टीका नहीं लगाया गया। प्रभारी डॉक्टर इस मामले में शिकायत आने पर जवाब मांगने का तर्क देते हैं। बिजुआ के मिस्त्रीपुरवा गांव निवासी सुरेश की पत्नी पूनम को शाम छह बजे शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर बिजुआ सीएचसी लेकर आए थे। करीब ढाई घंटे बाद ड्यूटी पर आईं स्टॉफ नर्स ने प्रसूता की जांच कर क्रिटिकल केस बताया, एवं किसी महिला डॉक्टर के पास ले जाने के लिए रेफर कर दिया। आरोप है कि प्रसूता के ससुर मंगू ने कहा कि वह सात किमी दूर गांव से आए हैं, कुछ पैसा घर से ले आएं, तब चले जाएंगे। लेकिन स्टॉफ ने प्रसूता की हालत खराब बताकर तुरंत जाने को कहा। ऐसे में मंगू अपनी बहू को लेकर बिजुआ में एक परिचित के घर ले गए। उनके दरवाजे पर दुर्गा जागरण होने से उन्होंने प्रसूता को सामने बने गल्ला गोदाम के बरामदे में लिटवा दिया। बताते हैं कि इस बीच प्रसव पीड़ा होने पर गांव से एक महिला को बुला लाए, जिससे कुछ देर में प्रसूता ने शिशु को जन्म दिया। प्रसूता के ससुर ने आरोप लगाया कि सुबह जब वह अपने बच्चे को लेकर टीका लगवाने गए, तो वहां से उसे टरका दिया गया।
----------
मामले की जानकारी सुबह हुई है, ड्यूटी पर जो लोग थे, उनसे जानकारी लेकर पूछा जाएगा, वहीं एंबुलेंस जब तक आई मरीज जा चुका था। अगर कोई शिकायत आएगी, तो जांच की जाएगी।
डॉ. अमित सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी-सीएचसी, बिजुआ।