दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज की जटपुरा बीट में एक सप्ताह तक शांत रहने के बाद तेंदुआ बांकेगंज कस्बा से सटे चौधीपुर गांव के पास एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार की शाम तेंदुए ने एक बकरी और कुत्ते को निवाला बनाया है।
पिछले एक माह से भी अधिक समय में चौधीपुर गांव के पास सक्रिय तेंदुए ने 17 बकरियों और एक दर्जन कुत्तों को अपना निवाला बना लिया था। इसके बाद एक सप्ताह से तेंदुआ शांत था। लोगों का अनुमान था कि तेंदुआ जंगल में वापस चला गया है, लेकिन सोमवार की शाम तेंदुआ चौधीपुर गांव के पास फिर आ धमका और कुछ समय के अंतराल के बाद तेंदुए ने एक बकरी और एक कुत्ते को निवाला बना लिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में एक बार फिर दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है।
चौधीपुर गांव निवासी सुरेश की बकरी उसके घर के सामने बंधी थी। शाम को एक तेंदुआ आया और बकरी को उठा ले गया। कुछ समय बाद तेंदुए ने गांव के एक कुत्ते को भी निवाला बनाया। उधर, बफरजोन उप-निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि जंगल से रास्ता भटककर आबादी की तरफ निकला तेंदुआ जंगल में वापस चला जाएगा। फिर भी ग्रामीण सतर्क रहें और अपने पालतू की सुरक्षा करें।