जाली नोट बरामदगी के बाद सतर्क हुईं सुरक्षा एजेंसियां
प्रकाश में आए लोगों की पुलिस तलाश में जुटी
संपूर्णानगर। नेपाल बार्डर पर जाली करेंसी पकड़े जाने के बाद विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं। उधर पुलिस ने प्रकाश में आए लोगों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके हैं।
दो दिन पहले पांच सौ रुपये के जाली नोटों के साथ वनटोलवा बसही निवासी विनोद कुमार को सेमरी में एक दुकानदार ने पकड़ा था। जिसके पास से 12 हजार रुपये के एक ही नंबर के पांच सौ रुपये के नोट बरामद हुए थे। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में कई नामों का खुलासा किया था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया था। पुलिस अब प्रकाश में आए लोगों की तलाश में जुट गई है। शनिवार की रात और रविवार को पुलिस ने कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। उधर सीमा पर नकली करेंसी पकड़े जाने के बाद सीमा पर लगीं विभिन्न जांच एजेसिंयों ने सतर्कता बढ़ाते हुए जांच तेज कर दी है। सीओ पलिया प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि पुलिस प्रकाश में आए युवकों की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक आरोपी युवकों का कोई पता नहीं चल सका है।