बिजली न मिलने से बिलबिलाए आधे शहर के लोग
रात में बिजली की आवाजाही से लोगों की नींद उड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। छाउछ ट्रांसमिशन से गढ़ी विद्युत उपकेंद्र के बीच अंडर ग्रांउड केबिल में आई फाल्ट के चलते बृहस्पतिवार को पूरे दिन लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों ने शारदानगर विद्युत उपकेंद्र से जोड़कर किसी तरह थोड़ी थोड़ी देर के लिए बिजली आपूर्ति की। शाम को करीब सात बजे फिर बिजली गायब होने पर नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा, जिस पर उन्होंने मेला मैदान चौराहा जाम कर दिया।
अंडरग्राउंड केबिल में आई खराबी को लखनऊ से लोकेटर मशीन मंगाकर फाल्ट को लोकेट करके फाल्ट भी दूर कर ली गई है। इसके बावजूद बृहस्पतिवार को पूरे दिन में कई बार विद्युत आपूर्ति बाधित रही। केवल कुछ घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल सकी। भीषण गर्मी में बिजली गायब रहने से लोग बिलबिला उठे। इंवर्टर डाउन हो गए लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके।
बृहस्पतिवार को शाम सात बजे गायब हुई बिजली रात करीब 11 बजे बहाल हो पाई। इसके बाद भी बिजली की आवाजाही बराबर बनी रही। शुक्रवार को बिजली की आवाजाही बराबर बनी रही। इससे लोग परेशान रहे। रात में कई बार बिजली जाने से लोगों सो नहीं सकेे।
एसडीओ अनुराग शर्मा ने बताया कि फाल्ट लोकेट करने के बाद उसे ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। अब रूटीन वर्क चल रहा है। पूरे शहर में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से चल रही है।
08एलकेएच 01
इंसेट......
मेला मैदान चौराहा जाम कर तोडफ़ोड़ की
बिजली समस्या से उकताए लोगों का गुस्सा भड़क उठा। रात करीब दस बजे भुइफोरवानाथ, शिवपुरी, गढ़ीरोड, हाथीपुर के सैकड़ों लोग मेला मैदान चौराहे पर जमा हो गए और चारों सड़कों पर बांस लगाकर रोड जाम कर दी। लोग सरकार और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे। काफी देर तक किसी जिम्मेदार अधिकारियों के न पहुंचने पर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पावर कारपोरेशन का पुतला फूंक दिया। बाद में पुलिस के समझाने बुझाने पर लोग किसी तरह माने। इसी बीच रात करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। तब जाकर प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम खुल सका।