फोटो-03 एलकेएच 204
लक्ष्मीनगर कॉलोनी में तीन घर जले
आंधी के दौरान लगी थी आग
बारिश होने से बुझी आग, लोगों को मिली राहत
गोला गोकर्णनाथ। बुधवार की शाम आठ बजे के लगभग आई तेज आंधी के दौरान लगी आग से तीन घर जल गए, जिसमें लगभग डेढ़ लाख का नुकसान हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे तहसीलदार ने अग्नि पीड़ितों को शीघ्र आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
मोहल्ला लक्ष्मीनगर कॉलोनी में बुधवार की शाम आई तेज आंधी के दौरान नाले के किनारे रामदुलारे कश्यप उर्फ कंधई के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोसी शांति देवी और उनके पुत्र रामखेलावन के घर को अपनी गिरफ्त में ले लिया। धूल भरी आंधी के बीच आग लगने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मोहल्लेवासियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, तभी अचानक बरसात शुरू हो गई जिससे फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही आग बुझ गई। आग लगने से तीनों घरों में साइकिलें, बिस्तर, कपड़े, अनाज, नकदी, मोबाइल, पासबुक आदि लगभग डेढ़ लाख का सामान नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार आशुतोष गुप्ता और लेखपाल अनिल कुमार त्रिपाठी ने मौका मुआयना कर अग्नि पीड़ितों को शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। तहसीलदार ने बताया कि तीनों घरों में लगभग डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है।