स्टाफ की संवेदनहीनता का नमूना
मेन...
महिला अस्पताल में
फर्श पर हुआ प्रसव
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से मचा हड़कंप
- सीएमएस के पहुंचने पर हरकत में आया स्टाफ, तब किया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
जिला महिला अस्पताल स्टाफ की लापरवाही के चलते शुक्रवार शाम को एक प्रसूता का ऑपरेशन कक्ष के सामने प्रसव हो गया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर सीएमएस मौके पर जा पहुंचीं, जिसके बाद प्रसूता को लेबर रूम के पास वाले वार्ड में भर्ती कर लिया गया।
बैबहा गांव निवासी शिवकुमार शुक्रवार को अपनी तीस वर्षीय गर्भवती पत्नी को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल लेकर आए थे। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की लापरवाही के चलते प्रसूता ऑपरेशन कक्ष के पास दर्द से कराह रही थी। थोड़ी ही देर बाद प्रसव हो गया। इस मामले की सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी होने पर सीएमएस डॉ. मीरा वर्मा भी मौके पर जा पहुंचीं, जिसके बाद हरकत में आए ड्यूटी कर रहे स्टॉफ ने प्रसूता को बेड पर भर्ती कर लिया। हालांकि इस दौरान जब लोगों ने डॉक्टर की कार्यशैली पर सवाल उठाए तो वह उनसे लड़ने को आमादा हो र्गइं। सीएमएस ने मामला शांत कराया। ड्यूटी स्टाफ की लापरवाही को देखते हुए प्रसूता सुबह घर चली गई।
प्रसूता भर्ती थी, लेकिन अपने साथ आए बच्चे को देखने के लिए वार्ड से बाहर गई थी। उसी दौरान प्रसव पीड़ा होने पर बच्चे का जन्म हो गया। स्टाफ ने मौके पर जाकर महिला और उसके बच्चे को संभालकर वार्ड तक पहुंचाया। सुबह मालूम हुआ कि महिला बिना बताए ही घर चली गई है, जिसकी सूचना पुलिस को दी जाएगी।
- डॉ. मीरा वर्मा, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल