चकमार्ग जुतवाया और अवैध
निर्माण ढहाकर कब्जा हटवाया
एसडीएम (गोला) की सख्ती से अवैध कब्जेदारों में मची भगदड़
अमर उजाला ब्यूरो
बांकेगंज/ कुकरा।
एसडीएम गोला डॉ. योगानंद पांडे के निर्देश पर सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जेधारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार को राजस्व और पुलिस कर्मियों की टीम बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुकरा पहुंची। नायब तहसीलदार (गोला) और एसओ मैलानी के नेतृत्व में गठित टीम ने चकमार्ग भूमि पर खड़ी गेंहू फसल की पैमाइश के बाद जुतवा दी और सड़क किनारे बनाई जा रही दुकानों का निर्माण ढहा कर कब्जा मुक्त कराया। इससे अवैध कब्जेधारकों में हड़कंप मच गया।
तहसीलदार (गोला) आशुतोष गुप्ता ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुकरा में ग्रंट नंबर तीन निवासी गुरदमन सिंह ने राजस्व अभिलेखों में चकमार्ग के लिए आरक्षित भूमि गाटा संख्या 1165 रकबा 0.076 एयर पर जबरन कब्जा कर गेंहू फसल उगा रखी थी। इसके अलावा मिल्कियत सरकार के नाम से आरक्षित सड़क की भूमि गाटा संख्या 792 पर कुकरा गांव निवासी अरशद द्वारा कराया जा रहा पक्का निर्माण ढहाया गया। उन्होंने बताया कि फसल की जुताई और निर्माण ढहा कर भूमि कब्जा मुक्त कराई गईं। इस मौके पर नायब तहसीलदार विकास धर दुबे, एसओ मैलानी महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।