पलियाकलां। सोमवार को जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में उस समय अफरातफरी मच गई जब प्रार्थना के समय दो छात्राएं अचेत होकर गिर गईं। उनके अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन ने दोनों को तत्काल भर्ती न कराकर उन लोगों को बुलाया।
सोमवार को जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा मोहिनी और कक्षा छह की पूजा निवासी मोहल्ला टेहरा पलिया अचानक बेहोश होकर गिर गई तो कालेज में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे अभिभावकों ने उनको अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों को होश आ गया। कारण क्या था, इसका पता नहीं चल सका है। उधर, अभिभावकों ने आरोप लगाया है इस दौरान कालेज प्रबंधन का रवैया बेहद संवेदनहीन रहा और किसी ने खुद छात्राओं को अस्पताल ले जाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने एसडीएम को एक शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, इस बाबत प्रधानाचार्य कृष्ण अवतार भाटी ने बताया कि सुबह प्रार्थना सभा के दौरान तेज धूप के चलते कुछ छात्राएं बेहोश होकर गिर गई थीं। जिस पर उनके अभिभावकों को सूचना देकर बुला लिया गया था। कॉलेज में स्टाफ कम होने की वजह से छात्राओं को सीधे यहां से अस्पताल नहीं भेजा जा सका।