लखीमपुर खीरी/ रजागंज।
मधुमक्खियों के हमले से घायल वृद्ध सीताराम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली गोला क्षेत्र में गुरुवार को गोला लखीमपुर मार्ग पर गांव के निकट मधुमक्खियों ने खेत पर गन्ने की पत्ती तोड़ रहे रजौरा निवासी सीताराम (60) किसान पर हमला कर घायल कर दिया था, जिसे परिवार वाले गम्भीरावस्था में 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला ले गए थे। अस्पताल में चले इलाज के दौरान शुक्रवार को सीताराम की मौत हो गई। उधर, दूसरी घटना में गुरुवार को ही रजौरा निवासी जवाहर (45) साइकिल से अपने पुत्र प्रयाग (11) को स्कूल से लेकर घर जा रहे थे, मधुमक्खियों के हमले में पिता पुत्र भी गंभीर घायल हो गए, जिन्हें परिवार वालों ने सीएचसी गोला में उपचार कराया, जहां पिता पुत्र की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।