जिले में बुखार पीड़ित बच्चों के दम तोड़ने का सिलसिला जारी है। चिल्ड्रन वार्ड में रोजाना बच्चों की मौतें हो रही है और रोजाना बुखार पीड़ित बच्चे भर्ती भी हो रहे हैं। रविवार को जहां चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती दो बच्चों की बुखार से मौत हो गई, वहीं छह बच्चे और भर्ती हुए। एक बच्चे मेें एईएस के लक्षण मिलने पर उसे आईसीयू वार्ड भेज दिया गया।
फूलबेहड़ निवासी लतीफ ने अपने पुत्र समीर(6) और ईसानगर निवासी बनवारीलाल ने पुत्र शिवम(3) को बुखार आने पर शनिवार को चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कराया था, जिनकी इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। जबकि बुखार आने पर मोहम्मद अश(3) पुत्र जलीस निवासी पड़रियातुला, ज्योती(9) पुत्री संतोष निवासी अबगांवा मितौली, अपर्णा(4) पुत्री राजू शुक्ला निवासी श्यामनगर लखीमपुर, अरमान(7) पुत्र जाबिर निवासी महेवागंज, राममूर्ति(8) पुत्र ठाकुर निवासी जर्नादन पुरवा धौरहरा, साढ़े तीन वर्षीय परवेज पुत्र जमशेद अली निवासी धनपुर मितौली को बुखार आने पर चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती किया गया। जबकि आठ साल के राममूर्ति में एईएस के लक्षण मिलने पर उसे आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।