लखीमपुर खीरी। जिला अधिवक्ता संघ के लिए जारी चुनावी घमासान में नाम वापसी की प्रकिया भी पूरी हो गई। सभी दावेदार चुनावी दंगल में ताल ठोके हुए हैं। किसी भी प्रत्याशी ने शुक्रवार को नाम वापस नहीं लिया। इसलिए चुनाव कमेटी ने 11 पदों के लिए सभी 29 दावेदारों के बीच मतदान कराने का निर्णय लिया है।
अध्यक्ष कमलाकांत दीक्षित, और महामंत्री राजीव पांडेय ने मुख्य चुनाव अधिकारी प्रहलादजी से परामर्श के बाद उनकी सहायता के लिए सहायक चुनाव अधिकारियों को भी शामिल किया जा चुका है। जिला अधिवक्ता संघ के लिए चल रही नामांकन प्रकिया, जांच एवं आपत्तियों के बाद नाम वापसी का चरण भी समाप्त हो चुका है। इसके बाद अब मतदान ही शेष रह गया है, जिसके लिए सभी स्तरों पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रहलादजी ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपादित कराने के लिए सहायक चुनाव अधिकारियों और कार्यकारिणी पदाधिकारियों से परामर्श करते हुए सभी तैयारियां की जा रही है। सीसी कैमरों की निगरानी में मतदान और मतगणना कराई जाएगी।
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में अपनी दावेदारी रखने वाले अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए प्रत्याशियों को साझा मंच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 12 जनवरी को जिला अधिवक्ता संघ की राजेंद्र प्रसाद वाटिका में अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह और महेंद्र तिवारी को अपना पक्ष रखने के लिए साझा मंच मे आमंत्रित किया गया है तो वरिष्ठ उपाध्यक्ष की दौड़ में शामिल पंकज किशोर तिवारी, राजेश श्रीवास्तव, संजीव वाजपेई, सौरभ दीक्षित और संजय कुमार सिंह को अवसर दिया गया है। इसी तरह महामंत्री पद के लिए मथुरा प्रसाद अवस्थी, इसरार अहमद, पवन कुमार मिश्र और विपुल मिश्र को बुलाया गया है, जो साझा मंच में अपने विचार और मतदाताओं के बीच अपनी प्राथमिकताएं बताएंगे।
मतदान के लिए आवश्यक है आई कार्ड
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रहलादजी ने बताया कि मतदाता वकीलों के लिए जिला अधिवक्ता संघ का परिचय पत्र आवश्यक है। इसके बिना मताधिकार नहीं मिल सकेगा जिन अधिवक्ताओं के पास परिचय पत्र नहीं है। वह 15 जनवरी तक अपना परिचय पत्र बनवा सकते हैं।