पलियाकलां। राजस्थान से चोरी हुई सुपारी की 28 बोरियां पलिया-निघासन मार्ग स्थित दून स्कूल के पास एक घर से बरामद हुईं। राजस्थान पुलिस ने पलिया पुलिस के साथ छापा मारकर एक युवक को हिरासत में लिया और विधिक कार्रवाई के बाद माल समेत अपने साथ ले गई।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, राजस्थान से 350 बोरियां सुपारी चोरी हुई थीं। इनमें से 290 बोरियां कानपुर में बेची गईं, जबकि शेष 60 बोरियां पलिया लाई गई थीं। राजस्थान पुलिस ने इनमें से 28 बोरियां बरामद कर लीं। बताया गया कि बाकी 32 बोरियां बेची जा चुकी थीं। जब्त सुपारी की कीमत लगभग 30 हजार रुपये प्रति क्विंटल बताई जा रही है। एक बोरी का वजन 70 किलो है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने घर के एक युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। युवक को छुड़ाने के लिए कुछ स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक और बरामद माल को अपने साथ राजस्थान ले गई। इस दौरान कोतवाली में काफी गहमागहमी रही।
राजस्थान पुलिस को सूचना मिली थी कि पलिया शहर के निघासन रोड स्थित दून स्कूल के पास अमन नामक युवक के घर में सुपारी के बोरे रखे हैं। राजस्थान पुलिस ने पलिया पुलिस के साथ घर पर छापा मारकर माल और आरोपी को पकड़ लिया। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को राजस्थान पुलिस अपने साथ ले गई।
-जितेंद्र सिंह परिहार, सीओ पलिया