इसी कबाड़ वाहन से लाए जा रहे थे स्कूली बच्चे। स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। सख्ती और कार्रवाई के बाद भी अवैध वाहनों पर रोक नहीं लग पा रही। मंगलवार को सिसैया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक ही स्कूल के दो अनफिट वाहनों को पकड़ा गया। खास बात यह है कि उसमें एक वाहन कबाड़ स्थिति में था। वाहन में 25 बच्चे भरे हुए थे, जो एक बड़ी लापरवाही है। प्रवर्तन अधिकारी ने वाहन जब्त कर उसे कटवाने के निर्देश दिए हैं।
प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि सिसैया कस्बे में स्थित एलीट एकेडमी स्कूल के दो वाहन बिना फिटनेस के मिले। यह वाहन नियमों को ताक पर रखकर नौनिहालों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। इसमें एक क्रूजर ऐसे मिला, जिसका आजतक पंजीयन भी नहीं हुआ था, टैक्स परमिट और फिटनेस तो दूर की बात है। इतनी जर्जर और खतरनाक हालत होने के बावजूद उसमें 25 बच्चे भरे गए थे। उस वाहन को जब्त कर उसे कबाड़ में कटवाने का निर्देश भेज दिया गया है, ताकि किसी भी दशा में उसका संचालन न हो सके। इसके अलावा उसी स्कूल की एक मिनी बस भी बिना फिटनेस मिली। मौके पर स्कूल अध्यक्ष को बुलाकर वाहन की हालत दिखाई।
बीएसए को लिखेंगे स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए पत्र
प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि मामले में बीएसए को पत्र लिखा जाएगा, ताकि ऐसे स्कूलों की मान्यता रद्द की जाए। मामले में विधिक राय ली जाएगी ताकि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सके। ताकि बच्चों के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो सके।
बच्चों को ले जाने वाले वाहन के बारे में अवश्य जानकारी रखें अभिभावक
प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने कार्रवाई करने के बाद कुछ अभिभावकों से भी बात की। उनसे अपील कि आप अपने बच्चों को वाहन से भेजने से पहले उसकी पड़ताल अवश्य कर लें। वाहन ठीक है या नहीं है, उसका चालक सही गाड़ी चलाता है या नहीं। पूरी जानकारी लेने के बाद भी अपने बच्चों को उनके हवाले करें।