भीषण गर्मी में जिला एवं महिला अस्पताल के मरीजों को 24 घंटे बिजली सप्लाई करने का निर्देश खीरी जिले में बेअसर साबित हो रहा है। बिजली सप्लाई के लिए छाउछ उपकेंद्र से नई बस्ती उपकेंद्र तक बिछाई गई 33केवीए अंडरग्राउंड केबल कई जगहों से फुंकी पड़ी है, लेकिन संबंधित कार्यदाई संस्था के ठेकेदार की लापरवाही के कारण ये दुरुस्त नहीं हो पा रही है। खास बात यह है कि बिजली विभाग के अधिकारी भी ठेकेदार के आगे बेबस नजर आ रहे हैं। अस्पतालों को अनवरत बिजली मुहैया कराने के लिए उनके स्तर से भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
गौरतलब है कि शासन की मंशा के अनुरूप जिला और महिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली सप्लाई के लिए एक साल पहले छाउछ से नई बस्ती उपकेंद्र तक अंडरग्राउंड केबल बिछाने का काम शुरू किया गया था। मौजूदा समय में केबल बिछ चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक करीब एक पखवाड़े पूर्व मशीन से पूरी केबल की टेस्टिंग की गई थी, जिसमें नहर पटरी के पास चार से पांच जगहों पर केबल फुंका पाया गया। बताते हैं कि काफी केबल नहर में पड़े हुए हैं। जिसका कोई पुरसाहाल नहीं है। एक अधिकारी का कहना है कि केबल की टेस्टिंग के खराबी को दूर नहीं किया गया और ठेकेदार का भी कहीं पता नहीं है। इस बाबत एसडीओ टाउन धर्मेंद्र आनंद का कहना है कि जिला एवं महिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से प्रयास किया जा रहा है। कार्यदाई संस्था को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा गया है।