लखीमपुर खीरी। ईसानगर ब्लॉक के गांव टेढ़िया निवासी एक महिला का जिला महिला अस्पताल में प्रसव हुआ। दोनों की हालत गंभीर होने पर नवजात को एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराते हुए प्रसूता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएनसीयू वार्ड में नवजात की मौत हो गई। उधर, प्रसूता के भी जिला अस्पताल से गायब मिलने पर महिला अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है।
टेढ़िया गांव निवासी प्रमोद ने अपनी गर्भवती पत्नी तारावती को 23 फरवरी को जिला अस्पताल के मेडिकल महिला वार्ड में भर्ती कराया था। गुरुवार की प्रात: प्रसव पीड़ा होने पर उसे महिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां पर तारावती ने एक बच्ची को जन्म दिया। जच्चा बच्चा की हालत गंभीर होने पर तारावती को इलाज के लिए पुन: जिला अस्पताल भेजकर बच्ची को एसएनसीयू (गंभीर नवजात शिशु इकाई) वार्ड में भर्ती कर दिया गया। भर्ती होने के कुछ देर बाद ही बच्ची की मौत हो गई। इस पर जब वार्ड के लोग बच्ची की मौत की सूचना तारावती को देेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे तो वह वहां से गायब मिली। इस पर महिला अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को भेज दी है।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित थी बच्ची
एसएनसीयू वार्ड के प्रभारी डॉ. ब्रजमोहन ने बताया कि बच्ची कम दिन की थी, वजन भी काफी कम था और उसे सांस लेने में दिक्कत थी। बच्ची दिल में छेद होने की समस्या से भी पीड़ित थी।
वार्ड में बच्ची की मौत होने की सूचना देने के लिए जब स्टाफ जिला अस्पताल पहुंचा तो प्रसूता वहां नहीं मिली। घरवालों ने प्रसव के दौरान जो मोबाइल नंबर दिया था वह भी गलत निकला। इस पर मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है।
डॉ.मीरा वर्मा, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल