केन्द्र प्रभारी, बिचौलिया और किसान पर दर्ज हुई रिपोर्ट
सरकारी धान खरीद में गड़बड़ी से जुड़ा है मामला
कुछ और केन्द्र प्रभारी समेत बिचौलियों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। सरकारी क्रय केन्द्रों पर जमीन से अधिक धान बेचने और खरीदने के मामले में पहली कार्रवाई हुई है, जिसमें केन्द्र प्रभारी, बिचौलिया और किसान के खिलाफ मोहम्मदी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जल्द ही कुछ और ऐसे मामलों में कार्रवाई होने के संकेत अधिकारियों ने दिए हैं। इसके अलावा हाल में संपंन हुई गेहूं खरीद में गड़बड़ी के आरोपों पर जांच चल रही है, जिसमें जमीन से अधिक (500 क्विंटल से अधिक) गेहूं बेचने वाले किसान चिह्नित किए गए हैं। इतने उत्पादन के लिए उनके पास जमीन नहीं है।
मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के पिपरिया धनी में धान खरीद के लिए कर्मचारी कल्याण निगम ने क्रय केन्द्र खोला था, जहां दिनेश चंद्र तिवारी केन्द्र प्रभारी थे। इस केन्द्र पर गोला क्षेत्र के गांव धौरहरा बुजुर्ग निवासी रमनदीप सिंह ने 1000 क्विंटल से अधिक धान बेचा था, जिसे आरटीजीएस से भुगतान किया गया। सबसे अधिक धान खरीद करने वाले केन्द्रों और अधिक बेचने वाले किसानों की राजस्व विभाग से जांच कराई गई, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मसलन किसान रमनदीप सिंह के नाम पर इतनी जमीन भी नहीं है, जिसमें एक हजार क्विंटल धान उत्पादन किया जा सके। जांच में केन्द्र प्रभारी, किसान के साथ ही पिपरिया धनी निवासी बिचौलिया समीर गुप्ता की भी संलिप्तता पाई गई। गोला एसडीएम ने मामले में केन्द्र प्रभारी, किसान और बिचौलिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश कर्मचारी कल्याण निगम के जिला प्रबंधक को दिए, जिस पर जिला प्रबंधक ने मोहम्मदी कोतवाली में तहरीर देकर केन्द्र प्रभारी दिनेश चंद्र तिवारी, समीर गुप्ता और रमनदीप सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
बाक्स=
अब बच न सकेंगे गड़बड़ी करने वाले
खाद्य एवं रसद विभाग ने क्रय केन्द्रों पर होने वाली धान और गेहूं खरीद का ब्योरा ऑनलाइन फीड कराया है। इससे सभी एजेंसियों को खरीद की ऑनलाइन फीडिंग करानी पड़ रही है। जल्द ही भूलेख मैपिंग कराए जाने की योजना पर काम शुरू हो जाएगा, जिसके बाद सरकारी खरीद में गड़बड़ी करना केन्द्र प्रभारियों के लिए परेशानी का सबब बन जाएगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय के मुताबिक आगामी धान खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए गन्ना विभाग की भांति किसानों को पर्चियां दी जाएगी। इसके लिए शासन स्तर पर काम चल रहा है।
बाक्स=वर्जन.....
500 क्विंटल से अधिक गेहूं खरीद के मामले पकड़े
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने बताया कि धान खरीद में गड़बड़ी के कुछ और मामलों में जल्द ही एफआईआर कराई जाएगी। इस वर्ष संपन्न हुई गेहूं खरीद में 500 क्विंटल से अधिक गेहूं बेचने वाले प्रकरणों की जांच कराई गई है। शासन ने ऐसे मामलों में केन्द्र प्रभारी और बिचौलिया बने किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही ऐसे मामलों में जिला खरीद अधिकारी/एडीएम स्तर से कार्रवाई की जाएगी।