मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द, धनराशि भेजने पर लगा ब्रेक
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना सबके लिए घर के लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजने के लिए बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम होना था। इसके निरस्त होने से लाभार्थियों को धनराशि के लिए अभी और कुछ दिन इंतजार करना होगा।
डूडा के परियोजना अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि 21 से 30 वर्ग मीटर जगह में गृह निर्माण के लिए जिले में 6140 आवास स्वीकृत थे। इसमें से 4578 लाभार्थियों की प्लॉट की जीओ टैकिंग पूरी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इन सभी के खातों में धनराशि भेजने के लिए 30 मई को लखनऊ में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित था, जो स्थगित हो गया है। इसलिए लाभार्थियों को धनराशि के लिए कुछ दिन इंतजार करना होगा। उन्होंने बताया कि धनराशि भेजने के लिए जल्द ही अगली तिथि निर्धारित की जाएगी।